Advertisement Section
Header AD Image

प्रयागराज महाकुम्भ में मृतकों के परिवारों को 25-25 लाख, भगदड़ की जांच के लिए कमेटी गठित

प्रयागराज, 29 जनवरी। महाकुंभ के संगम नोज पर हुई भगदड़ में 30 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है, जबकि 60 लोग घायल हो गए हैं. इस बात की जानकारी मेला प्रशासन की ओर से दी गई है. मंगलवार-बुधवार की रात करीब 2 बजे महाकुंभ में भगदड़ मची थी. इसकी चपेट में कई श्रद्धालु आ गए. हादसे के तुरंत बाद कई एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई थी. आननफानन में घायलों को इलाज के लिए ले जाया गया.

अखाड़ा परिषद ने भगदड़ के बाद स्नान करने से किया था मना
बता दें कि भगदड़ के बाद अखाड़ा परिषद ने अमृत स्नान करने से इनकार कर दिया था. हालांकि बाद में हालात सामान्य होने के बाद अखाड़ों ने तय किया कि वह अमृत स्नान में शामिल होंगे. स्नान के लिए संगम में साधु-संतों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई. सभी 13 अखाड़ों ने अमृत स्नान किया.

13 जनवरी से शुरू हुआ था प्रयागराज महाकुंभ
बता दें कि 13 जनवरी से शुरू हुए महाकुंभ में अब तक करीब करीब 20 करोड़ लोग गंगा में डुबकी लगा चुके हैं. बुधवार को मौनी अमावस्या पर दोपहर 2 बजे तक 5 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने संगम में डुबकी लगाई.

प्रत्येक मृतक के परिजनों को 25-25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का ऐलान
महाकुंभ भगदड़ पर उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हम राज्य सरकार की ओर से दुर्घटना में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजनों को 25-25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी कर रहे हैं. न्यायिक आयोग पूरे मामले की जांच करेगा और एक समय सीमा के भीतर अपनी रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपेगा. इस संबंध में मुख्य सचिव और डीजीपी स्वयं एक बार प्रयागराज का दौरा करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर उन सभी मुद्दों पर गौर करेंगे.

श्रद्धालुओं ने तोड़ा था बैरिकेड्स: डीआईजी
मेला प्रशासन की तरफ से डीआईजी वैभव कृष्णा ने बताया कि कुछ श्रद्धालु बैरिकेड्स तोड़कर आगे जाना चाहते थे. इस दौरान कुछ श्रद्धालु सो रहे थे जो कुचल दिए गए. डीआईजी ने बताया कि वहां कोई वीआईपी प्रोटोकॉल नहीं था. घायलों की जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 1920 जारी की गई है.

CM योगी ने टाला कल का दिल्ली दौरा
महाकुंभ में हादसे के बाद CM योगी ने दिल्ली का दौरा टाल दिया है. दरअसल, सीएम योगी कल चुनाव प्रचार के लिए दिल्ली आने वाले थे. लेकिन वह अब लखनऊ से हादसे के बाद के घटनाक्रम पर नजर रखेंगे. बताया जा रहा है कि अब सीएम योगी का दिल्ली दौरा परसों हो सकता है.

Previous post महाकुंभ में भगदड़, 30 श्रद्धालुओं की मौत और 60 घायल; 25 की हुई पहचान
Next post महाकुंभ में मची भगदड़ में उत्तराखंड की एक महिला की मौत, बेटे-बहू के साथ गई थी गुड्डी देवी