Advertisement Section
Header AD Image

त्यूनी अग्निकांड में राहत एवं बचाव कार्यों में लापरवाही बरतने पर तहसीलदार, रजिस्ट्रार कानूनगो व पटवारी निलंबित

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा त्यूनी अग्निकांड में राहत एवं बचाव कार्यों में लापरवाही बरतने वाले रेखीय विभाग के कार्मिकां पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गये हैं। वहीं जिलाधिकारी सोनिका ने तहसीलदार त्यूनी एवं पटवारी रायगी क्षेत्र को निलंबित कर दिया है। मुख्य बाजार त्यूनी, तहसील त्यूनी में दो मंजिला आवासीय भवन में आगजनी की घटना पर राहत बचाव कार्यों में स्थानीय लोगों द्वारा सम्बन्धित तहसीलदार, नायब तहसीलदार, रजिस्ट्रार कानूनगो एवं पटवारी की कार्यशैली पर जिलाधिकारी से शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने कार्यवाही करते हुए सम्बन्धित तहसीलदार को उपजिलाधिकारी त्यूनी की संस्तुति तथा राजस्व परिषद के अनुमोदन के क्रम में निलंबित किया है।तहसीलदार चकराता को तहसील त्यूनी का अतिरिक्त कार्य सौंपा गया है। कानूनगो त्यूणी पर आपदा राहत सम्बन्धी उपकरणों को अध्यावधिक न रखने, समय से उपलब्ध न कराने को लेकर प्रशासनिक आधार पर उनका स्थानान्तरण तहसील चकराता किया गया है, जबकि कानूनगो चकराता को जनहित में तहसील त्यूनी तैनात किया गया है। पटवारी रायगी के अपने क्षेत्र से बिना अनुमति के नदारद रहने पर उपजिलाधिकारी त्यूनी ने उनके विरूद्ध कार्यवाही की संस्तुति की है जिस पर जिलाधिकारी ने रायगी क्षेत्र के पटवारी को निलम्बित करते हुए, हनोल क्षेत्र के पटवारी को रायगी का अतिरिक्त कार्य सौंपा गया है। जबकि नायब तहसीलदार त्यूनी को पूर्व में ही निलंबित कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी देहरादून को जांच अधिकारी नामित करते हुए संपूर्ण घटना की निष्पक्ष मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं।

Previous post मानवाधिकार संगठन ने बच्चों को लेखन सामग्री वितरित की, कक्षाओं में अव्वल रहे छात्रों को सम्मानित किया
Next post वर्ग विशेष के अवैध संस्थानों पर होने वाली कार्यवाही में क्यों छलकता है कांग्रेस का दर्दः भट्ट