Advertisement Section
Header AD Image

उत्तराखंड के 7 पुलिस अफसर व कर्मियों को मिलेगा सराहनीय सेवा पदक, राष्ट्रपति मुर्मू करेंगी सम्मानित

देहरादून। उत्तराखंड के 7 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सराहनीय सेवा के लिए पदक  से नवाजा जाएगा। स्वतंत्रता दिवस 2024 के मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पदक देकर सम्मानित करेंगी। वहीं, उत्तराखंड डीजीपी अभिनव कुमार ने सभी पदक विजेताओं को बधाई दी।
दरअसल, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से स्वतंत्रता दिवस के मौके पर उत्तराखंड पुलिस के 7 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सराहनीय सेवा के लिए पदक से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है। जिसमें अग्निशमन एवं आपात सेवा के पुलिस महानिरीक्षक नीरू गर्ग, पुलिस दूरसंचार के उप महानिरीक्षक जगत राम, जीआरपी अपर पुलिस अधीक्षक सरिता डोबाल समेत अन्य पुलिस अफसर और जवान शामिल हैं।
उत्तराखंड पुलिस के 7 पुलिस अफसरों और कर्मियों के सराहनीय सेवा पदक मिलने पर महकमे में खुशी की लहर है। जिस पर उत्तराखंड पुलिस महानिदेशक अभिनव कुमार ने पुलिस परिवार की ओर से सभी पदक विजेताओं को बधाई दी है। इसके साथ ही प्रदेशवासियों को 78 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भी बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में उत्तराखंड की अहम भूमिका रही है। आज हम न केवल अपने स्वतंत्रता संग्राम को याद करते हैं। बल्कि, ये भी संकल्प लेते हैं कि हम अपनी आंतरिक और बाह्य सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करेंगे। ताकि, हम स्वतंत्र रहें।
बता दें कि उधमसिंह नगर पुलिस के पांच जांबाज अफसरों और कर्मचारियों को भी देहरादून में सम्मानित किया जाएगा। पांचों कर्मचारियों को सराहनीय कार्य के लिए स्वतंत्रता दिवस के मौके पर विशिष्ठ सराहनीय सेवा सम्मान चिह्न से नवाजा जाएगा। जिनमें इंस्पेक्टर जीतो कंबोज, उप निरीक्षक मनोज धोनी, कांस्टेबल नीरज शुक्ला, कांस्टेबल ललित कुमार, कांस्टेबल कुलदीप सिंह के नाम शामिल हैं।

Previous post उत्तराखंड के आयुष्मान आरोग्य मंदिर को भारत सरकार ने प्रतिष्ठित NQAS सर्टिफिकेशन से किया सम्मानित
Next post श्रीकोट के गंगानाली के पास हुआ हादसा, दो की मौत, तीन घायल