100 निकायों के 1516 मतदान केंद्रों पर 5405 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज बैलट बाक्स में हो जायेगा बंद

100 निकायों के 1516 मतदान केंद्रों पर 5405 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज बैलट बाक्स में हो जायेगा बंद

देहरादून, 23 जनवरी। उत्तराखंड में निकाय चुनाव के लिए कल वोटिंग होनी है. 100 निकायों के लिए मतदाता वोटिंग करेंगे. जिसमें 5405 कैंडिडेट की किस्मत तय होगी. उत्तराखंड में निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. पोलिंग पार्टियां रवाना हो गई हैं. सुरक्षाबलों की भी तैनाती कर दी गई है.

18 हजार सुरक्षाकर्मी रहेंगे तैनात
उत्तराखंड शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव कराने के लिए बृहस्पतिवार को 18 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। इनमें 1,120 पुलिस बल, 24 कंपनी पीएसी, 4,352 होमगार्ड, 2,550 पीआरडी जवान और 300 वन कर्मचारी शामिल हैं। इसके अलावा चेकिंग बैरियरों पर क्यूआरटी व अन्य पुलिस बल की तैनात रहेगी।

1516 मतदान केंद्र बनाये गये हैं
डीजीपी दीपम सेठ ने बताया कि प्रदेश में कुल 1,516 मतदान केंद्र और 3,394 मतदेय स्थल हैं। इनमें 592 संवेदनशील और 412 अतिसंवेदनशील मतदेय स्थल शामिल हैं। पुलिस की ओर से इन सभी मतदान स्थल का निरीक्षण पूरा कर लिया गया है। प्रदेश में 185 चेकिंग बैरियर स्थापित किए गए हैं। इनमें 117 बैरियरों पर सीसीटीवी कैमरों से भी नजर रखी जा रही है। बाकी बैरियरों पर वीडियो कवरेज की जा रही है। प्रदेशभर में 105 मोबाइल टीम और 109 क्यूआरटी काम कर रही हैं।

5405 प्रत्याशी मैदान में
प्रदेशभर में 5405 प्रत्याशियों का भाग्य 23 जनवरी को मतपेटियों में कैद हो जाएगा। 11 नगर निगमों में मेयर के लिए 72 प्रत्याशी मैदान में हैं। 89 नगर पालिका व नगर पंचायतों में अध्यक्ष पदों के लिए 445 प्रत्याशी और सभी निकायों में पार्षद-वार्ड सदस्य के पदों के लिए 4888 प्रत्याशी मैदान में हैं।

निकाय चुनाव में कुल तीस लाख से अधिक मतदाता
बता दें प्रदेश के 100 नगर निकायों में चुनाव होना है. जिसमें कुल 1282 वार्ड हैं. इन निकायों में कुल 1516 मतदान केंद्र और 3394 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं. निकाय चुनाव में कुल 3029,028 मतदाता हैं. जिसमें 1,562,349 पुरुष और 1,466,151 महिला मतदाताओं के साथ ही 528 अन्य मतदाता शामिल हैं. निकाय चुनाव के लिए प्रदेश भर में 16 हजार 284 कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है. इसके साथ ही सुरक्षा की दृष्टिगत 25 हजार 800 सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है.

bureau