Advertisement Section
Header AD Image

प्रेमचंद अग्रवाल के विवादास्पद बयान के बाद हमलावर कांग्रेस, प्रदेशभर में शुरू किया विरोध प्रदर्शन, सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता

रुद्रप्रयाग/कंडीसौड़/देहरादून, 24 फरवरी। वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के विवादित बयान के बाद प्रदेश की सियासत गर्मा गई है. विपक्ष विवादित बयान के मुद्दे पर वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के साथ ही बीजेपी को जमकर घेर रहा है. इसके साथ ही प्रदेशभर में सड़कों पर भी प्रदर्शन कर रहा है. इसी कड़ी में बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला का बयान आया है. लखपत बुटोला ने कहा पहाड़ का आदमी टूट सकता है लेकिन झुक नहीं सकता, इसलिए कोई अगर पहाड़ के आदमी को झुकाने का काम करेगा तो वह खुद दफन हो जाएगा.
बदरीनाथ विधानसभा से विधायक लखपत बुटोला आज कांग्रेस भवन पहुंचे. इस दौरान उन्होंने कहा पूरे राज्य में लोग अपनी अस्मिता के लिए खड़े हो रहे हैं. उत्तराखंड आंदोलनों का प्रदेश रहा है. उत्तराखंड को सैनिकों, वीर बहादुरों का प्रदेश भी कहा जाता है. उनके पिता ने सेना मे रहते हुए दो लड़ाइयां लड़ी. उनके सगे भाई ने भी सेना में रहते हुए गोलियां खाई, इसलिए पहाड़ के लोगों को हमेशा जीवट माना जाता रहा है, लेकिन प्रेमचंद अग्रवाल ने ऐसा बयान देकर पहाड़ी मूल के लोगों की अस्मिता को ललकारने का काम किया है. इससे उनकी भावनाएं आहत हुई हैं.
चैंपियन ने भी दी थी पहाड़ी मूल के लोगों को गाली
लखपत बुटोला ने कहा पहाड़ में रहने वाला व्यक्ति सीधा, ईमानदार और निष्ठावान हो सकता है. यह भी सच है कि पहाड़ का आदमी टूट तो सकता है , कभी झुक नहीं सकता है. उन्होंने कहा अब यह किसी एक व्यक्ति की बात नहीं रह गई है बल्कि यह भाजपा की मानसिकता बन गई है. इससे पहले भी खानपुर के पूर्व विधायक चैंपियन ने तमंचे लहराते हुए पहाड़ी मूल के लोगों को गाली दी थी.
प्रेमचंद अग्रवाल के बयान के बाद नाराजगी देखने को मिल रही है. सोमवार को केदारघाटी की सबसे बड़ी नगर पंचायत के मुख्यालय पर आम जनता के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रेमचंद अग्रवाल का पुतला फूंका. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और निर्वतमान जिलापंचायत सदस्य कुलदीप सिंह कण्डारी ने कहा उत्तराखंड विधानसभा सत्र के दौरान सदन के भीतर जो कुछ भी हुआ उसे सबने देखा. धामी सरकार के कैबिनेट मंत्री की ओर से पहाड़ियों के खिलाफ टिप्पणी की गई. बावजूद इसके मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और विधानसभा अध्यक्ष कैबिनेट मंत्री का बचाव करते दिखे. उन्होंने कैबिनेट मंत्री और विधानसभा अध्यक्ष से अपने पद से इस्तीफा देने की बात कही.
थौलधार ब्लॉक कांग्रेस व स्थानीय जनता ने कण्डीसौड़ तिराहे पर मंत्री प्रेमचन्द अग्रवाल का पुतला फूंका. ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्रीपाल सिंह पंवार ने कहा विधानसभा के अंदर सदन में टिहरी उत्तरकाशी के प्रभारी मंत्री संसदीय कार्य मंत्री ने अपने संबोधन में पहाड़ी समुदाय को गाली युक्त शब्द प्रयोग करना पूरे पहाड़ी समुदाय का घोर अपमान है.
Previous post शिक्षा विभाग में छह हजार से अधिक शिक्षकों और कर्मचारियों की होगी भर्ती, आउटसोर्स होगा माध्यम
Next post शीतकालीन यात्रा पर जल्द मुखबा पहुंच सकते हैं पीएम मोदी, पीएम के दौरे को लेकर पिछले एक महीने से तैयारियां जारी