Advertisement Section
Header AD Image

मेयर गामा ने संपत्तियों को लेकर लगाए जा रहे आरोपों को बेबुनियाद बताया

देहरादून। देहरादून नगरनिगम के मेयर सुनील उनियाल गामा ने उन पर संपत्तियों को लेकर लगाए जा रहे आरोपों को बेबुनियाद बताया। कहा कि मेरे पास जो भी संपत्ति है, वह सार्वजनिक है। न ही मेरे नाम कोई अवैध संपत्ति है और न ही मैंने कोई गलत कार्य किया। मेरी पत्नी और बच्चे भी कमाते हैं। ऐसे में मेरी पारिवारिक संपत्ति में इजाफा होना गलत नहीं है। नगर निगम कांफ्रेंस हाल में मेयर सुनील उनियाल गामा ने पत्रकारों से वार्ता के दौरान कहा कि कुछ लोगों की ओर से लगाए जा रहे अवैध रूप से संपत्ति अर्जित करने के आरोप बेबुनियाद हैं। उनके और उनके परिवार के सदस्यों के नाम कोई बेनामी संपत्ति नहीं है। श्री गामा ने कहा कि सरकार की लोकप्रियता को विपक्षी पचा नहीं पा रहे हैं, इसलिए इस प्रकार के बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। कहा कि वे 18 वर्ष की आयु से मेहनत कर कमा रहे हैं। उन्होंने पहले पान का खोखा लगाया और फिर चाऊमीन की ठेली लगाकर रोजगार चलाया। इसके बाद उन्होंने ठेकेदारी की और प्रापर्टी डीलर के तौर पर भी कार्य किया। उन्होंने कहा कि पूर्व में उन्होंने शहर में कुछ संपत्ति खरीदी थी, जिसे बेचकर नई संपत्ति खरीदी। इसके अलावा उनके आवासीय परिसर की कीमत में भी पिछले कुछ वर्षों में वृद्धि हुई है। चुनाव के दौरान घोषित की गई संपत्ति का मूल्य वर्तमान में कई गुना बढ़ा है, लेकिन यह शहर में सभी संपत्तियों के साथ हुआ है। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी नौकरी करती हैं, बेटी भी लंदन में नौकरी कर रही है। जबकि, पुत्र एमटेक की पढ़ाई पूरी कर अपना व्यवसाय कर रहा है। दरबार साहिब से लीज पर जमीन लेने से जुड़े सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वर्ष 2012 में अपना काम करने के लिए उन्होंने लीज पर जमीन देने की अपील की थी, उसी के तहत जमीन मिली है, उन्होंने कोई हाउस टैक्स माफ नहीं किया। उन्होंने कहा कि सभी बकायेदारों को नगरनिगम द्वारा समय-समय पर नोटिस भेजे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगरनिगम की जमीन पर किसी को कब्जा नहीें करने दिया जाएगा। पत्रकार वार्ता के दौरान विधायक खजान दास, भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, पार्षद कमली भट्ट, अनीता सिंह, संजीव वर्मा भी मौजूद रहेे।

 

Previous post इस धनराशि से उत्तराखंड के विकास को मिलेगी नई गति
Next post होम क्रेडिट इंडिया ने बीते साल अक्टूबर में दीवाली के मौके पर अपने नए ब्रांड विचार जिंदगी हिट को पेश किया