Advertisement Section
Header AD Image

बदरीनाथ में कड़ाके की ठंड, पारा -16 तक लुढ़का, नल, नाले, झरने और नदियों के किनारे बर्फ में तब्दील

बदरीनाथ, 11 नवम्बर उत्तर भारत के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल बदरीनाथ धाम में इस समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है। तापमान में आई भारी गिरावट के चलते धाम में पानी पूरी तरह जम गया है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
बदरीनाथ धाम में सुबह और शाम का पारा अब शून्य से भी काफी नीचे चला गया है, जो -10 डिग्री सेल्सियस से -16 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। भीषण शीतलहर ने धाम के प्राकृतिक जल स्रोतों को भी अपनी चपेट में ले लिया है। नल, नाले, झरने और यहां तक कि नदियों के किनारे का पानी भी बर्फ में तब्दील हो चुका है।
स्थानीय निवासी रामनारायण, राजेश मेहता ने बताया कि बदरीनाथ धाम में लगातार ठंड बढ़ रही है। सुबह शाम के तापमान में भारी गिरावट आ गई है। पानी जमने लगा है। आने वाले कुछ दिनों में तापमान और गिरने की संभावना है।
बदरीनाथ धाम में बढ़ती ठंड के बाद नगर पंचायत जगह-जगह अलावा जला रही है। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी सुनील पुरोहित ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए सभी व्यवस्थाएं की गई है। मुख्य चौराहा पर अलाव जलाए जा रहे हैं ताकि लोगों को ठंड से राहत मिल सके।
Previous post पतंजलि को 72 घंटे का अल्टीमेटम, दिल्ली HC ने कहा- झूठे और भ्रामक विज्ञापन को नहीं दिया जा सकता संरक्षण
Next post बैंक ऑफ बड़ौदा ने निकाली 2700 नई भर्ती, कोई भी ग्रेजुएट भर सकता है फॉर्म, देखें नोटिफिकेशन