Advertisement Section
Header AD Image

चमोली में भालू ने बुजुर्ग पर किया हमला, एक आंख निकाली बाहर, हेली एंबुलेंस से भेजा एम्स

चमोली, 30 जनवरी। चमोली में नंदप्रयाग के समीप एक गांव में बुजुर्ग पर भालू ने हमला कर बुरी तरह से घायल कर दिया। ग्रामीणों ने बुजुर्ग को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें हेली एंबुलेंस से एम्स ऋषिकेश भेज दिया गया है। भालू के नाखूनों से बुजुर्ग की एक आंख शरीर से निकल गई है।

बृहस्पतिवार को सुबह करीब छह बजे ग्राम पंचायत चोपड़ाकोट के हेंण गांव निवासी दयाराम पुरोहित (60) हिम ऊर्जा की जल विद्युत परियोजना से रात्रि ड्यूटी कर अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान सुब्योल गदेरे के पास घात लगाकर बैठे भालू ने उन पर हमला कर दिया। दयाराम के चिल्लाने की आवाज समीप ही चमतोली के ग्रामीणों ने सुनी तो वे घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।

ग्रामीणों के शोर मचाने पर भालू जंगल की ओर भाग गया। भालू ने दयाराम के चेहरे और सिर पर हमला कर उन्हें बुरी तरह से घायल कर दिया। उनकी एक आंख भी बाहर निकाल दी। ग्रामीणों ने उन्हें निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर की सलाह पर जिला प्रशासन ने घायल को हेली एंबुलेंस से एम्स ऋषिकेश भेज दिया।

Previous post श्री बदरीनाथ धाम कपाट खुलने की तिथि तय करने हेतु तैयारी शुरू, श्री नृसिंह मंदिर जोशीमठ में बीकेटीसी ने तेलकलश डिमरी पंचायत को सौंपा
Next post इतिहास रचने की कगार पर उत्तराखंड, फाइनल में पहुंची बैडमिंटन की दोनों टीमें, कल होगी गोल्ड की ‘जंग’