Advertisement Section
Header AD Image

गोवा स्थित ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइट क्लब में भीषण अग्निकांड में मृतकों की संख्या 25 हुई

पणजी, 7 दिसम्बर। गोवा की राजधानी पणजी से 25 किलोमीटर दूर अरपोरा गांव स्थित ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइट क्लब में शनिवार देर रात आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। रविवार देर रात तक मारे गए सभी लोगों की पहचान कर ली गई है, जिनमें 20 कर्मचारी और पांच पर्यटक शामिल हैं। मृतकों में पांच लोग उत्तराखंड के भी शामिल हैं, जो क्लब में कर्मचारी थे। इसमें जान गंवाने वालों में जितेंद्र सिंह, सुमित नेगी, मनीष सिंह, सतीश सिंह और सुरेंद्र सिंह शामिल हैं। मनीष सिंह चंपावत के और जितेंद्र व सतीश सिंह टिहरी के रहने वाले बताए गए हैं।

राज्य सरकार ने जारी की 25 मृतकों की सूची
इसके अलावा पांच पर्यटकों में से चार दिल्ली के थे, जिनमें एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल थे। पांचवां पर्यटक कर्नाटक का था। राज्य सरकार ने रविवार रात सभी 25 मृतकों की सूची जारी की। दिल्ली के चार पर्यटकों की पहचान सरोज जोशी, अनीता जोशी, कमला जोशी और विनोद कुमार के रूप में हुई है। उनकी पहचान रविवार को उनकी रिश्तेदार भावना जोशी ने की। सरकार ने बताया कि इस घटना में मारे गए एक अन्य पर्यटक की पहचान कर्नाटक के इशाक के रूप में हुई है। सरकार ने बताया कि उसकी पहचान उसके पिता एम. डी. हुसैन ने की।

मृतकों में 20 नाइट क्लब के कर्मचारी और 5 पर्यटक
सूची के अनुसार, मृतकों में से 20 नाइटक्लब के कर्मचारी थे, जिनमें उत्तराखंड के पांच, नेपाल के चार, झारखंड और असम के तीन-तीन, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के दो-दो और पश्चिम बंगाल का एक व्यक्ति शामिल है। मृतकों (कर्मचारियों) में सबसे अधिक संख्या उत्तराखंड के लोगों की है, जिनकी पहचान जितेंद्र सिंह, सतीश सिंह, सुरेंद्र सिंह, सुमित नेगी और मनीष सिंह के रूप में हुई है। चार नेपाली नागरिकों की पहचान चूर्ण बहादुर पुन, विवेक कटवाल, सबिन और सुदीप के रूप में हुई है। मृतकों में महाराष्ट्र के डोमिनिक और मनोज जोरा, उत्तर प्रदेश के रोहन सिंह और सुनील कुमार शामिल हैं। दार्जिलिंग (पश्चिम बंगाल) के पीड़ित की पहचान सुभाष छेत्री के रूप में हुई है। इसमें झारखंड के मोहित, प्रदीप महतो और बिनोद महतो, जबकि असम के तीन लोग मनोजित मल, राहुल तांती और दिगंबर पातिर शामिल हैं।

पुलिस ने पहले कहा था कि ऐसा प्रतीत होता है कि संभवत: सिलेंडर विस्फोट के कारण आग लगी, लेकिन बचे एक पर्यटक ने दावा किया कि नृत्य के दौरान आतिशबाजी की गई और वही आग लगने की वजह हो सकती है। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि घटना की जांच के लिए समिति गठित की है, जो एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। तीन वरिष्ठ अधिकारियों, जिनमें तत्कालीन पंचायत निदेशक भी शामिल हैं, को नाइट क्लब अग्निकांड के सिलसिले में निलंबित कर दिया गया।

गोवा नाइट क्लब अग्निकांड में उत्तराखंड के नागरिकों के प्रभावित होने की संभावना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से वार्ता की। गोवा के अरपोरा क्षेत्र में हुए गंभीर नाइटक्लब अग्निकांड को लेकर प्राप्त रिपोर्ट एवं स्थानीय स्तर की सूचनाओं के अनुसार, इस घटना में उत्तराखंड के कुछ नागरिकों के प्रभावित होने की आशंका व्यक्त की गई है।

इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तत्काल गोवा के मुख्यमंत्री डा. प्रमोद सावंत से दूरभाष पर वार्ता कर विस्तृत जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री धामी ने गोवा सरकार से अनुरोध किया कि यदि किसी भी प्रभावित व्यक्ति की पहचान उत्तराखंड निवासी के रूप में होती है, तो उनके परिजनों से तुरंत संपर्क स्थापित किया जाए तथा आवश्यक सहायता-विशेष रूप से पहचान, उपचार, सहायता राशि एवं अन्य औपचारिकताओं-को प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जाए।

Previous post स्मृति मंधाना की पलाश मुच्छल से टूट गई शादी, क्रिकेटर ने इंस्टा पोस्ट में खुद किया कंफर्म
Next post गोवा नाइट क्लब अग्निकांड में कुल 25 लोगों की मौत हुई, जिसमें से 9 लोग मूल रूप से उत्तराखंड के ही रहने वाले