Advertisement Section
Header AD Image

दीप्ति शर्मा रहीं सबसे महंगी, विदेशी खिलाड़ियों पर भी बरसे करोड़ों

नई दिल्ली, 27 नवम्बर। महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के लिए खिलाड़ियों की मेगा नीलामी गुरुवार (27 नवंबर) को नई दिल्ली के जेडब्ल्यू मैरियट होटल में आयोजित हुई. सभी 5 फ्रेंचाइजी टीमों के साथ ही फैन्स को भी इस मेगा ऑक्शन का बेसब्री से इंतजार था.

महिला प्रीमियर लीग के लिए इस मेगा ऑक्शन में कुल 277 खिलाड़ियों पर बोली लगी. हालांकि 67 खिलाड़ी ही ऑक्शन में सोल्ड हुए, जिसमें 23 विदेशी प्लेयर्स शामिल रहे. कुल मिलाकर 40.8 करोड़ रुपये ऑक्शन में खर्च किए गए. भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा सबसे महंगी खिलाड़ी (3.20 करोड़ रुपये) रहीं, जबकि विदेशी खिलाड़ियों में एमेलिया केर (3 करोड़ रुपये) सबसे ज्यादा में बिकीं.

कंगारू टीम की कप्तान एलिसा हीली अनसोल्ड रहीं, जिनका बेस प्राइस 50 लाख रुपये था. वहीं कीवी ऑलराउंडर सोफी डिवाइन को गुजरात जायंट्स ने 2 करोड़ रुपये में खरीदा. भारतीय टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा को यूपी वॉरियर्स ने आरटीएम (राइट टू मैच) कार्ड के जरिए 3.20 करोड़ रुपये में अपनी टीम से जोड़ा. जबकि मुंबई इंडियंस ने आरटीएम कार्ड के जरिए एमेलिया केर को 3 करोड़ रुपये में अपने साथ दोबारा जोड़ा. सोफी, दीप्ति और एमेलिया तीनों का बेस प्राइस 50-50 लाख रुपये था.

भारतीय तेज गेंदबाज रेणुका सिंह 60 लाख रुपये में गुजरात जायंटस में शामिल हुईं. इंग्लिश ऑलराउंडर सोफी एक्लेस्टोन (85 लाख रुपये) और ऑस्ट्रेलिया की पूर्व कप्तान मेग लैनिंग (1.9 करोड़ रुपये) यूपी वॉरियर्स के लिए खेलेंगी. साउथ अफ्रीकी कप्तान लॉरा वोलवार्ट को दिल्ली कैपिटल्स ने 1.1 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा. ऑस्ट्रेलिया की सलामी बल्लेबाज फीबी लिचफील्ड 1.10 करोड़ रुपये में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से जुड़ीं. चिनेल हेनरी और श्री चरणी को दिल्ली कैपिटल्स ने एक समान 1.30 करोड़ रुपये में खरीदा.

स्पिनर आशा शोभना (1.10 करोड़ रुपये) को भी अच्छी खासी रकम मिली, जिन्हें यूपी वॉरियर्स ने अपनी टीम से जोड़ा. उधर भारतीय टीम के लिए खेल चुकीं शिखा पांडे को यूपी वॉरियर्स ने ही 2.40 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया. शिखा का बेस प्राइस 40 लाख रुपये था.

बता दें कि एक टीम में अधिकतम 18 खिलाड़ी शामिल हो सकते थे, जिनमें विदेशी खिलाड़ियों की संख्या सात हो सकती थी. मल्लिका सागर नीलामीकर्ता रहीं, यानी उन्होंने ही खिलाड़ियों की बोली लगवाई.

ये खिलाड़ी हुए थे रिटेन
ऑक्शन से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने जेमिमा रोड्रिग्स, शेफाली वर्मा, एनाबेल सदरलैंड, मारिजाने कैप और निकी प्रसाद को रिटेन किया था. जबकि मुंबई इंडियंस ने नैट साइवर-ब्रंट, हरमनप्रीत कौर, हेली मैथ्यूज, अमनजोत कौर और जी. कमलिनी को अपने साथ बरकरार रखा. स्मृति मंधाना, ऋचा घोष, एलिसा पेरी और श्रेयंका पाटिल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ बनी हुई हैं. उधर गुजरात जायंटस ने दो खिलाड़ियों एश्ले गार्डनर और बेथ मूनी को रिटेन करने का फैसला लिया था. यूपी वॉरियर्स ने सिर्फ एक खिलाड़ी (श्वेता सेहरावत) को बरकरार रखा.

Previous post चच्चा के 30 बच्चे तो हिंदू के चार क्यों नहीं हो सकते बोले धीरेंद्र शास्त्री
Next post बीरोंखाल में मिलेगी अल्ट्रासाउंड सेवा : सीएमओ