Advertisement Section
Header AD Image

गुलदार ने गौशाला जा रहे किसान को मार डाला, घटनास्थल से 200 मीटर दूर मिला शव

रुद्रप्रयाग, 29 अक्टूबर। रुद्रप्रयाग के ग्राम पंचायत जौंदला में बुधवार सुबह अपनी गौशाला जा रहे एक किसान को गुलदार ने मार डाला। उसका शव घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर मिला। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत पसर गई है।

ग्राम प्रधान अनिल नेगी व ग्रामीण देंवेद्र चमोली ने बताया कि बुधवार सुबह करीब पांच बजे ग्राम पंचायत जौंदला के पाली मल्ली तोक निवासी मनवर सिंह (54) घर के पास ही स्थित गौशाला गए थे। जब वह घर नहीं लौटे तो परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर तलाश शुरू की। उन्हें गोशाला से के पास खून पड़ा दिखा।

करीब 200 मीटर दूर मनवर का शव पड़ा दिखा, जो गुलदार के हमले में क्षत-विक्षत हो चुका था। घर के एकमात्र कमाऊ व्यक्ति मनवर खेतों में हल चलाते थे। उनकी बेटी की शादी हो चुकी है और बेटा देहरादून में पढ़ता है।

घटना की सूचना पर विधायक भरत सिंह चौधरी, पालिका अध्यक्ष संतोष रावत, जिला पंचायत सदस्य गंभीर बिष्ट, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख सुभाष नेगी व वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने वन विभाग से गुलदार को आदमखोर घोषित करने, गांव में पिंजरा लगाने व मृतक के एक परिजन को रोजगार देने की मांग की।

पीड़ित परिवार को तात्कालिक मुआवजा राशि के तहत 1 लाख 80 हजार का चेक प्रदान किया गया है। गांव में पिंजरा लगाया जा रहा है। क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) व आरआरटी (रेपिड रिस्पांस टीम) गठित कर दी है। गुलदार के लार का सैंपल ले लिया गया है।
– रजत सुमन, डीएफओ

Previous post खिर्सू में अग्निवीर भर्ती की तैयारी के लिए निकले युवकों पर भालू ने किया हमला, बुरी तरह हुए घायल
Next post द्वाराहाट के महावतार बाबा की गुफा में लगाया ध्यान, कहा– यह अद्भुत आध्यात्मिक अनुभव