Advertisement Section
Header AD Image

श्री बदरीनाथ धाम कपाट खुलने की तिथि तय करने हेतु तैयारी शुरू, श्री नृसिंह मंदिर जोशीमठ में बीकेटीसी ने तेलकलश डिमरी पंचायत को सौंपा

जोशीमठ/ पांडुकेश्वर/ गोपेश्वर, 30 जनवरी। विश्वप्रसिद्ध श्री बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि तय करने के कार्यक्रम की तैयारियां शुरू हो चुकी है परंपरा के तहत आज बृहस्पतिवार को श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने तेल कलश गाडू घड़ा श्री डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत प्रतिनिधियों को सौंप दिया है। घड़े की श्री नृसिंह मंदिर में पूजा-अर्चना दर्शन तथा परिक्रमा पश्चात योग बदरी पांडुकेश्वर को प्रस्थान किया तथा शाम को तेलकलश योग बदरी पांडुकेश्वर पहुंच गया।

बसंत पंचमी को तय होगी बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि
शायंकाल को डिमरी पंचायत प्रतिनिधि मंदिर समिति के श्री नृसिंह मंदिर कार्यालय पहुंचे जहां लेखाकार भूपेंद्र रावत ने तेलकलश डिमरी पंचायत को सौंपा। उल्लेखनीय है कि नरेंद्र नगर राजदरबार में बसंत पंचमी रविवार 2 फरवरी को श्री बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि तय होगी। इसी दिन तेलकलश गाडू घड़ा तेलकलश यात्रा की भी तिथि निश्चित हो जायेगी।

बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डा हरीश गौड़ ने बताया कि कार्यक्रम के अनुसार योग बदरी पांडुकेश्वर में पूजा-अर्चना पश्चात कल 31 जनवरी को पुन: तेल कलश श्री नृसिंह मंदिर जोशीमठ पहुंचेगा। दिन के भोग के बाद गाडू घड़ा श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर डिम्मर पहुंचेगा रात्रि विश्राम के बाद 1 फरवरी शनिवार शाम को तेल कलश गाडू घड़ा, मंदिर समिति के ऋषिकेश स्थित चंद्रभागा धर्मशाला में पहुंचेगा। प्रात: 2 फरवरी को ऋषिकेश से प्रस्थान कर समारोह पूर्वक गाडूघड़ा तेल कलश डिमरी पंचायत द्वारा राजमहल नरेंद्र नगर के सिपुर्द किया जायेगा। उल्लेखनीय है कि तय तिथि के अनुसार राजमहल से तिलों के तेल का गाडू घड़ा तेलकलश कपाट खुलने के अवसर पर अभिषेक हेतु श्री बदरीनाथ धाम पहुंचता है।

गाडूघड़ा तेल कलश डिमरी पंचायत को सौंपने के अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी गिरीश चौहान, मंदिर अधिकारी राजेंद्र चौहान, अवर अभियंता गिरीश रावत,प्रशासनिक अधिकारी कुलदीप भट्ट, राजेंद्र सेमवाल, श्री नृसिंह मंदिर प्रभारी संदीप कपवाण, लेखाकार भूपेंद्र रावत प्रबंधक भूपेंद्र राणा डिमरी पंचायत प्रतिनिधि क्रमश शैलेन्द्र डिमरी, हरीश डिमरी,नरेश डिमरी,अनुज डिमरी सहित पुजारी हनुमान प्रसाद डिमरी, संदेश मेहता सुशील डिमरी, रामप्रसाद थपलियाल, अजीत भंडारी दिनेश भट्ट, प्रदीप बिष्ट,आशीष नंबूदरी आदि मौजूद रहे। श्री योग बदरी पांडुकेश्वर में प्रबंधक नवीन भंडारी, पुजारी राजेंद्र डिमरी, परमेश्वर डिमरी, मुकेश किमोठी, हरेंद्र कोठारी, नारायण भट्ट, सहित महिला मंगल दल ने गाडू घड़ा तेलकलश का स्वागत किया।

Previous post कौशल विकास कार्यक्रम के अंतर्गत दयानन्द वूमेन्स ट्रेनिंग कॉलेज में छात्राओं को दिया गया एलईडी बल्ब बनाने का प्रशिक्षण
Next post चमोली में भालू ने बुजुर्ग पर किया हमला, एक आंख निकाली बाहर, हेली एंबुलेंस से भेजा एम्स