Advertisement Section
Header AD Image

जोशीगांव में एक मकान से एक महिला और उसके तीन बच्चों के शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी

बागेश्वर। जोशीगांव में एक मकान से एक महिला और उसके तीन बच्चों के शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी। मृतकों में एक 6 महीने का बच्चा भी है। पुलिस जब घर के अंदर पहुंची तो शव सड़ी-गली अवस्था में थे। जिसने भी घटना के बारे में सुना या देखा वे हैरान रह गए। वहीं, लोगों की मानें तो कुछ दिन पूर्व घटनास्थल के आसपास से बच्चे के रोने जैसी आवाज भी लोगों ने सुनी। इसके पीछे अंदेशा जताया जा रहा है कि मृतक बच्चा भाष्कर तब शायद जिंदा हो लेकिन लोग बच्चे के रोने का सटीक अनुमान नहीं लगा सके। लोगों ने इसे मन का भ्रम मानकर गंभीरता से नहीं लिया।
वहीं, जोशीगांव की घटना को होली के आसपास की मानी जा रही है। तब से गांव के लोगों ने मृतका और उसके बच्चों को नहीं देखा था। सीओ अंकित कंडारी ने कहा कि घटना होली के बाद की हो सकती है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
जोशीगांव निवासी गोविंद सिंह बिष्ट का मकान गांव के अन्य मकानों से हटकर था। दो साल पहले यह मकान भूस्खलन की चपेट में आ गया था। गोविंद सिंह के परिवार ने यह मकान छोड़ दिया था। करीब दो साल से इस मकान में भूपाल राम परिवार सहित रहने लगा था। गांव के अन्य मकानों से करीब सौ मीटर की दूरी पर होने से इस मकान की ओर गांव के लोगों की आवाजाही कम थी।
बृहस्पतिवार शाम गांव के कुछ लोग इस मकान के पास से गुजरे तो उनको बदबू महसूस हुई। इसकी चर्चा गांव में हुई तो ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घर के दोनों दरवाजे भीतर से बंद थे। कमरों से बदबू आ रही थी। इसके बाद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी और जब पुलिस पहुंची तो घर से तीन बच्चों समेत चार शव बरामद हुए। पुलिस की पड़ताल में घर के भीतर भूपाल राम की पत्नी नीमा देवी 40 वर्ष, पुत्री अंजलि 14वर्ष, पुत्र कृष्णा 8 वर्ष, पुत्र भाष्कर 6 माह के शव होने की पुष्टि हुई।

Previous post समारोह आईआईटीजे/15 का उद्घाटन, शिक्षा और अनुसंधान में संस्थान की उपलब्धियों के 15 साल पूरे
Next post मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गैरसैंण का औचक निरीक्षण किया।