Advertisement Section
Header AD Image

अपने प्रत्याशी को जिताने के लिए मिठाई के डिब्बे में 500 का नोट रख बांट रहा था समर्थक. पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा.

काशीपुर, 22 जनवरी। उत्तराखंड निकाय चुनाव 2025 के लिए आज 23 जनवरी को मतदान होगा. राज्य निर्वाचन आयोग की तरफ से मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है. कई इलाकों में पोलिंग पार्टियां अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंच गई हैं. उधर प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार खत्म होने के बाद डोर टू डोर प्रचार कर जनता से वोट देने की अपील की, लेकिन उधम सिंह नगर में वोटरों को प्रलोभन देने के मामले पर प्रत्याशी समर्थक के खिलाफ आदर्श आचार संहिता उल्लंघन पर मुकदमा दर्ज हुआ है.

मिठाई के साथ 500 रुपये का नोट पाया गया
काशीपुर कोतवाली के अंतर्गत आईटीआई थाना क्षेत्र पुलिस ने सूचना के आधार पर वार्ड नंबर-3 बासियों वाला मंदिर के पीछे जसपुर खुर्द निवासी संजय पुत्र हरकरन सिंह पर कार्रवाई की है. आईटीआई थाना पुलिस के मुताबिक, संजय अपने प्रत्याशी के पक्ष में वोट डालने के लिए मतदाताओं को मिठाई के डिब्बे में मिठाई के साथ 500 रुपये का नोट रखकर बांटते हुए पाया गया.

आठ मिठाई के डिब्बे बरामद
पुलिस ने संजय के कब्जे से कुल 8 मिठाई के डिब्बे बरामद किए हैं. जिसमें से 4 डिब्बों में मिठाई के साथ 500-500 रुपए के नोट यानी कुल 2000 रुपए बरामद किए गए. अन्य 4 डिब्बों में सिर्फ मिठाई बरामद की गई. पुलिस की पूछताछ में संजय ने बताया कि उक्त मिठाई के डिब्बे उसके द्वारा आगामी नगर निकाय चुनाव में अपने प्रत्याशी के पक्ष में वोट डालने हेतु मतदाताओं को बांटे जा रहे थे. पुलिस के मुताबिक, संजय के खिलाफ आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर दिया गया है. बता दें कि उक्त वार्ड पर कुल 3 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं.

Previous post कुंभनगरी प्रयागराज में उत्तर प्रदेश का पहला डबल डेकर बस रेस्टोरेंट शुरू, मिलेगा सात्विक भोजन
Next post 100 निकायों के 1516 मतदान केंद्रों पर 5405 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज बैलट बाक्स में हो जायेगा बंद